Loading...

महंगे मोबाइल रिचार्ज के बीच बीएसएनएल बना उपभोक्ताओं का सहारा 

By Ankita Published: 22 Jul 2024, 10:18 PM | Updated: 22 Jul 2024, 10:18 PM 1 min read

सोलन-सिरमौर में 20 दिन के भीतर आए सिम पोर्ट के 2061 आवेदन

HNN/नाहन

मोबाइल रिचार्ज यानी टैरिफ बढ़ाने वाली निजी टेलीकॉम कंपनियों को उपभोक्ताओं ने झटका देना शुरू कर दिया है। निजी कंपनियों के टैरिफ महंगे होने से उपभोक्ताओं के पास अब सिर्फ बीएसएनएल ही विकल्प रह गया है।

इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 20 दिन के भीतर सोलन-सिरमौर में बीएसएनएल के पास निजी टेलीकॉम कंंपनियों के यूजर्स के 2061 आवेदन आ चुके हैं। इनमें से कई उपभोक्ताओं के सिम भी बीएसएनएल में बदले जा चुके हैं।

बड़ी बात ये भी है कि 21 दिन के भीतर लोगों ने किसी निजी टेलीकॉम कंपनी के सिम न खरीदकर बीएसएनएल में दिलचस्पी दिखाई है। इसकी बड़ी वजह ये है कि जब से निजी कंपनियों ने टैरिफ में बदलाव किए हैं, तब से लेकर अबतक अकेले सिरमौर में बीएसएनएल के 3440 नए सिम खरीदे जा चुके है।

बीएसएनएल के उपमंडलवार बात करें तो नाहन उपमंडल में 1481, पांवटा साहिब में 1156 और राजगढ़ में 803 सिम नए खरीदे गए हैं। ये आंकड़ा 21 दिन का है। अगर नए सिम और पोर्ट किए जाने वाले सिम की बात करें तो ये आंकड़ा मिलाकर 5501 पहुंच गया है।

कहा जा सकता है कि सिरमौर में उपभोक्ताओं के पास अब बीएसएनएल ही बड़ा विकल्प बचा है। पिछले कुछ वर्षों से बीएसएनएल ने भी अपनी सेवाओं में काफी सुधार किए हैं। जिले में सभी जगह बीएसएनएल ने अपने टावरों को 4जी सेवा से लेस किया है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बीएसएनएल निजी टेलीकॉम कंपनियों को भी टक्कर दे रहा है। अब बीएसएनएल भी 5जी की तैयारी में है। लिहाजा, अब उपभोक्ता बीएसएनएल में काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

उधर, सहायक अभियंता शालिनी सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं का अच्छा रिस्पांस बीएसएनएल को मिल रहा है। सोलन-सिरमौर में 20 दिन के भीतर बीएसएनएल को 2061 सिम पोर्ट के आवेदन मिल चुके हैं।

21 दिन के भीतर सिरमौर में 3440 नए सिम खरीदे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहे हैं और टैरिफ भी निजी टेलीकॉम कंपनियों के मुकाबले काफी सस्ते हैं।

Tags: