महाकुंभ हादसे में घायल श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता , मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी ज़िला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में सोलन ज़िला प्रशासन , सभी घायल श्रद्धालु प्राप्त कर रहे स्वास्थ्य लाभ
महाकुंभ में स्नान के लिए सोलन ज़िला के अर्की उपमंडल के दुर्घटना में घायल श्रद्धालु स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार ज़िला प्रशासन सोलन उत्तर प्रदेश के ज़िला कौशाम्बी के प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में है तथा घायलों की समयबद्ध चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित बनाई जा रही है।
घायलों की स्थिति और राहत कार्य : उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में आयोजित महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बस दुर्घटना ग्रस्त हो गई। दुर्घटना में 31 लोग घायल हुए, जिनमें से 6 गंभीर रूप से घायल हैं और एक व्यक्ति आईसीयू में भर्ती है।
- 14 घायल व्यक्ति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिराथू में उपचाराधीन हैं।
- 10 घायल जिला अस्पताल कौशाम्बी में इलाज करवा रहे हैं।
- 75 वर्षीय तुलसी राम शर्मा, जो गंभीर रूप से घायल हैं, आईसीयू में भर्ती हैं।
विधायक और प्रशासन की भूमिका : अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को त्वरित राहत और चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम कौशाम्बी जिला प्रशासन के साथ संपर्क में हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि घायलों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”
मुख्यमंत्री का संदेश: “मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के अधिकारियों को इस संदर्भ में उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।।”
प्रशासन की अपील: उपायुक्त ने कहा कि घायलों को समुचित चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है और प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।