महाविद्यालय ऊना में शैक्षणिक भ्रष्टाचार के विरोध में एबीवीपी ने विधायक सत्ती को सौंपा ज्ञापन
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
एबीवीपी ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
जिला ऊना की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) इकाई ने विधायक ऊना सदर सतपाल सिंह सत्ती को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें महाविद्यालय ऊना में चल रहे शैक्षणिक भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। परिषद ने आरोप लगाया कि बीते दिनों एमए अंग्रेज़ी परीक्षा के दौरान गंभीर गड़बड़ी सामने आई है, जिससे विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
एबीवीपी ने ज्ञापन में दो प्रमुख मांगें रखीं। पहली, 25 जून को एमए अंग्रेज़ी परीक्षा में हुई गड़बड़ी के मामले में महाविद्यालय के प्राचार्य को निलंबित कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। दूसरी, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जाए और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
एबीवीपी बोली—शैक्षणिक संस्थानों में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं
एबीवीपी ऊना इकाई अध्यक्ष इशांत और इकाई मंत्री सूर्य शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की गई है।