महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में कुपवी उपमंडल की ग्राम पंचायत झोखड़ के टंडाई में 24 मई को हुई महिला की मौत के मामले में मृतका के पिता की तरफ से की गई शिकायत पर कुपवी थाना में मामला दर्ज किया गया है।
मृतका कमलेश के पिता हिरदा राम, पुत्र रोडा राम गांव कमानडी, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर ने पुलिस को बताया कि कमलेश का विवाह तहसील कुपवी की झोखड़ पंचायत के टंडाई गांव निवासी दीप. राम पुत्र मोहन लाल के साथ हुई थी। विवाह के बाद कमलेश ने एक बेटी को जन्म दिया था, जोकि मानसिक रूप से बीमार थी, जिस वजह से दीप राम एवं उसका भाई ओमप्रकाश तथा बहन सुषमा कमलेश को प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बताया कि अप्रैल 2024 में कमलेश अपने मायके में आई और दो माह तक यहीं रही। पिछले माह दिनांक 24 मई को दीप राम अपने पिता व भाई के साथ उसके घर आया। ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी कमलेश को मना लिया और उसे वापस ससुराल ले आए। इसके दो दिन बाद यानी 26 मई को उन्हें सूचना मिली कि कमलेश की मृत्यु हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दीप राम और उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी बेटी कमलेश की हत्या कर दी है और उसका शव जंगल में फेंक दिया है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।