महिला नशा तस्कर ने पुलिस को देखकर निगला जहरीला पदार्थ, मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में एक महिला नशा तस्कर की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका पठानकोट (पंजाब) के सुजानपुर की रहने वाली बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रात को छन्नी गाँव में नशीले पदार्थ की तस्करी आई थी।
लेकिन वहां पर पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। तभी पुलिस की टीम को सामने देखकर महिला ने अपने पास छिपाकर रखी पुड़िया को निगलने का प्रयास किया। तभी वह उसके गले में अटक गई और उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला का सिविल अस्पताल नूरपुर में पोस्टमार्टम करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक महिला के खिलाफ पहले भी नशे के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।