HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक महिला ने एचआरटीसी ड्राइवर पर दुष्कर्म के आरोप जड़े हैं और इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत भी दर्ज करवाई है। इतना ही नहीं महिला ने एचआरटीसी ड्राइवर पर उसे ब्लैकमेल करने के भी आरोप जड़े हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
महिला पुलिस थाना बिलासपुर को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह दिल्ली-नोएडा में किराए के मकान में रहती है। वह अक्सर बिलासपुर आती-जाती रहती है। इसी दौरान उक्त चालक से उसकी पहचान हुई। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब 3 माह पूर्व जब वह बस में दिल्ली से बिलासपुर आई तो उक्त चालक उसे अपने कमरे में ले गया।
महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसने उसके साथ दुराचार किया। पीड़िता ने बताया कि उक्त बस चालक ने उसकी एक वीडियो भी बनाई थी, जिसके चलते वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। पीड़िता ने बताया कि उक्त चालक ने दिल्ली स्थित उसके कमरे में आकर भी कई बार उसके साथ जबरदस्ती की, जिस कारण वह अब गर्भवती भी हो गई है। डीएसपी मुख्यालय राज कुमार ने पुष्टि की है।

