महिला ने की पति की पिटाई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर….
HNN/ मंडी
जिला मंडी के सराज में मारपीट का मामला सामने आया है, यहां महिला ने बेटे के साथ मिलकर अपने ही पति की पिटाई कर डाली। पीड़ित की पहचान 44 वर्षीय परम देव पुत्र इंदर सिंह गांव जगयाण डाकघर बरवाड़ा तहसील गोहर जिला मंडी बगसयाड के रूप में हुई है। पीड़ित ने इस बाबत पुलिस थाना जंजैहली में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, परम अपने ढाबे पर काम कर रहा था। इस दौरान परम की पत्नी और उसका बेटा वहां आए और उसके साथ अचानक ही बहस करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि उसकी पत्नी और बेटा उसे पीटने लगे। जिसके बाद परम की पत्नी और उसके बेटे ने उसे बुरी तरह लात-घूंसों से पीटा। इसी दौरान परम के बेटे ने नीचे से ईंट उठाकर उसके सिर में मार डाली। उसके बेटे उत्तम ने उसका गला दबाकर उसे मारने की धमकी भी दी।
जब आस-पास मौजूद लोगों ने उन्हें यह करते हुए देखा तो उन्होंने पीड़ित को उसकी पत्नी और बेटे से बचाया। घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।