महिला शक्ति का सम्मान: मुख्यमंत्री ने दी लाखों की प्रोत्साहन राशि
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई महिलाओं को नकद प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
नाहन
महिला शक्ति का सम्मान: मुख्यमंत्री ने दी लाखों की प्रोत्साहन राशि
एवरेस्ट विजेता, एचएएस टॉपर सहित प्रदेश भर की उत्कृष्ट महिलाओं को किया सम्मानित
नाहन, हिमाचल दस्तक ब्यूरो।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नाहन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कई महिलाओं को नकद प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला की उपायुक्त प्रियंका वर्मा को जिले में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। वहीं सिरमौर जिला के संगड़ाह तहसील के गांव गत्ताधार की पर्वतारोही कृतिका शर्मा को माउंट एवरेस्ट फतह करने की उपलब्धि के लिए तथा राजगढ़ क्षेत्र के पझौता की मेघा सिंह कंवर को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने इन उपलब्धियों को प्रदेश की बेटियों की प्रतिभा और संकल्प का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सोलन जिला की शांति जैसवाल, बिलासपुर की निर्मला धीमान, कांगड़ा जिला के इंदौरा की गृहिणी स्वयं स्वरोजगार संघ तथा ऊना जिला की निशू लता को उत्कृष्ट कार्यों के लिए एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत शिखा, सिमरन कौर, शिया और प्रेम लता को विवाह अनुदान के रूप में 60-60 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा महबूब हसन और रवि को मकान निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।
मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत संतोष देवी, शीला देवी और नीमो देवी को 31-31 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत नसिफा, नितेश और विधा देवी को दो-दो लाख रुपये दिए गए। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत बबीता, सुनीता देवी और अनीता देवी को 51-51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों से चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, खेल, सामाजिक सेवा और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है, ताकि समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व और अधिक मजबूत हो सके।