Loading...

माथुर धीमान ने 3 अजगरों को गांव से किया रेस्क्यू

SAPNA THAKUR • 8 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ काँगड़ा

जयसिंहपुर उपमंडल के गांव गंदड के लोगों को स्नेक कैचर ने तीन बड़े अजगरों को जिंदा पकड़ कर गांव को दहशत मुक्त किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के लोगों ने शनिवार की शाम को गांव में 13 फुट लंबे अजगर को देखा जिसको लेकर गांव में डर का माहौल पैदा हो गया। गांव के ही स्थानीय निवासी रणजीत सिंह ने इसकी सूचना स्नेक कैचर आलमपुर निवासी माथुर धीमान को दी।

सांप की जानकारी मिलते ही माथुर डेप्युटी रेंजर मनजीत सिंह राणा के साथ मौके पर पहुंच गए। जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि वहां पर एक नहीं बल्कि 3 बड़े अजगर थे। लोगों की भीड़ देखकर तीनों अजगर बिल में घुसने जा ही रहे थे कि स्नेक कैचर के द्वारा उन्हें रेस्क्यू कर लिया गया। माथुर जोकि रेप्टाइल विशेषज्ञ भी है उन्होंने बताया कि यह रॉक पाइथन प्रजाति का सांप है।

यह पाइथन अक्सर घरेलू और जंगली जानवरों को ही अपना शिकार बनाता है। रेस्क्यू टीम के द्वारा तीनों अजगरों को रेस्क्यू कर लिया गया। टीम के द्वारा जब इनको नापा गया तो इनकी लंबाई 13, 9 और 7 फुट थी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कभी-कभी यह अजगर और अन्य प्रजाति के सांप भोजन और चारे की तलाश में आबादी की ओर भी आ जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इन्हें तैश में आकर मारना नहीं चाहिए बल्कि वन विभाग को इसकी सूचना देनी चाहिए। बरहाल तीनों अजगरों को रेस्क्यू किए जाने के बाद गांव में शांति का माहौल है।