Loading...

मानसून सीजन के बीच महंगी सब्जियों ने बिगाड़ा रसोई का स्वाद

Ankita • 19 Jul 2024 • 1 Min Read

आसमान छू रहे दाम, 40 रुपए से कम नहीं बिक रही कोई भी सब्जी

HNN/ नाहन

मानसून सीजन के बीच महंगी सब्जियों ने रसोई का स्वाद बिगाड़ दिया है। नाहन में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं जिसका असर लोगों की जेब पर भी दिखने लगा है। सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने इन्हें आम आदमी की पहुंच से बाहर कर दिया है। शहर में अलग-अलग दुकानों पर सब्जियों के अलग-अलग दाम वसूले जा रहे हैं।

कई दुकानदारों ने मूल्य सूची तक नहीं लगाई हुई है जिससे लोग परेशान हैं। हर रसोई में इस्तेमाल होने वाला टमाटर 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है और अरबी जैसी मौसमी सब्जियां 70 से 80 रुपये प्रति किलो के बीच हैं। बीन्स, शिमला मिर्च और भी 50 से 60 रुपये किलो के बीच हैं।

एक और रोजमर्रा की जरूरत वाली चीज प्याज अब सिरमौर के बाजारों में 50 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। यहां तक ​​कि पहाड़ी आलू भी नाहन में 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। लौकी, कद्दू, बेंगन, भिंडी जैसी सब्जियां भी 40 रुपए किलों के दामों पर बिक रही हैं। सीजन होने के बावजूद खीरा 40 रुपये प्रति किलो मिल रहा है।

इसके अलावा लहसुन 50 रुपए पाइया (200 रुपए किलो) बिक रहा है। वहीं फलों के दामों की बात की जाए तो केला 50 रुपए का डेढ़ किलो, पपीता 60 रुपए, अनार 250 रुपए, सेब 200 से 300 रुपए, आम 40 से 80 रुपए और नाशपाती 100 रुपए किलो बिक रही है।