Loading...

मामूली कहासुनी के चलते युवक पर चाकू से किया हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार

PARUL • 11 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में घूमने आए पर्यटकों ने बनखंडी में एक स्थानीय युवक पर चाकू से हमला किया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। वहीं पुलिस ने मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। घायल युवक की पहचान विकास डोगरा (20) पुत्र सुरिन्दर कुमार निवासी जटलाहड़ के रूप में हुई है। आरोपियों की पहचान हर्ष, हर्ष, मन्जीत और अजय निवासी हरियाणा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास डोगरा बनखंडी में बर्तनों की दुकान करता है, वह अपनी थार गाड़ी से घर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही उसने मुख्य सड़क से नौशहरा संपर्क मार्ग की ओर गाड़ी टर्न की तो उसी समय हरियाणा नम्बर की ओडी कार देहरा की तरफ जा रही थी, जिसे ब्रेक लगानी पड़ी। इसी को लेकर दाेनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक पर्यटक ने चाकू निकालकर विकास पर हमला कर दिया, जबकि अन्य पर्यटकों ने उसे बेस बैट से मारना शुरू कर दिया। हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान विकास का बचाव करने आए उसके बड़े भाई विशाल को भी चोटें आई हैं। जिसके बाद उसे उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चाकू और बेस बैट बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उन्हें मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया। डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज आकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।