मिनी सचिवालय संगड़ाह में पटवारियों की हड़ताल जारी
मांगे पूरी न होने तक अनिश्चितकालीन पेन-डाउन स्ट्राइक की चेतावनी
संगड़ाह। सिरमौर जिले के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह में पटवारी कानूनगो संघ की हड़ताल शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने के बाद पटवारी और ग्रामीण राजस्व अधिकारी मिनी सचिवालय परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं।
अनदेखी के विरोध में हड़ताल
पटवारी कानूनगो संघ संगड़ाह के अध्यक्ष अंकुश शर्मा और सचिव अक्षय कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। उनकी प्रमुख मांगों में जिला कैडर को बरकरार रखना, पटवारी और चौकीदारों के खाली पदों को भरना और बलवान कमेटी की सिफारिशों को लागू करना शामिल है।
प्रदेश इकाई के आह्वान पर कामकाज ठप
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार ज्ञापन सौंपने और मांग पत्र भेजने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब प्रदेश इकाई के आह्वान पर जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक सभी पटवारी और कानूनगो अनिश्चितकालीन पेन-डाउन स्ट्राइक जारी रखेंगे।
जनता को होगी परेशानी
यदि यह हड़ताल लंबी चलती है, तो इससे आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। विभिन्न प्रमाणपत्रों के निर्माण और जमीन से जुड़े कामकाज पूरी तरह से ठप हो जाएंगे, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ सकती हैं।