मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला, सभी कैबिनेट रैंक खत्म
मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला, सभी कैबिनेट रैंक खत्म , 30 सितंबर 2026 तक 20 फीसदी वेतन-भत्ते स्थगित।
शिमला
प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए विभिन्न बोर्ड, निगम और आयोगों के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन, प्रधान सलाहकार और राजनीतिक सलाहकारों को दी गई कैबिनेट रैंक सुविधा को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया है।
सरकार के इस निर्णय के बाद अब इन पदों पर नियुक्त व्यक्तियों को कैबिनेट रैंक से मिलने वाली सभी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।
इसके साथ ही सरकार ने इन पदाधिकारियों के वेतन और मासिक भत्तों में से 20 प्रतिशत राशि को 30 सितंबर 2026 तक स्थगित करने का भी फैसला लिया है।
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेशों में सभी प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए और अपने-अपने विभागों के अधीन सभी संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाए।
सरकार ने यह निर्णय प्रशासनिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, अनावश्यक खर्चों में कटौती करने और आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में आगे बढ़ने के उद्देश्य से लिया है।