मुख्यमंत्री ने किया वन विभाग की पर्यावरणीय गतिविधियों पर आधारित कैलेंडर का विमोचन
पर्यावरण जागरूकता की दिशा में वन विभाग की पहलों को आगे बढ़ाने की मुख्यमंत्री की पहल
शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ओक ओवर में वन विभाग द्वारा तैयार किया गया गतिविधि कैलेंडर जारी किया। यह कैलेंडर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 5 जून को मनाए गए विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई गतिविधियों को समर्पित है।
पर्यावरण थीम पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन
कैलेंडर में वन विभाग की उन पहलों को शामिल किया गया है, जिनमें पर्यावरण संरक्षण को केंद्र में रखते हुए राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभाग ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘बीट द प्लास्टिक’ जैसी थीम पर प्रदेश के 1000 से अधिक स्कूलों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनमें 50 हजार से अधिक छात्रों की भागीदारी रही।
सफाई अभियान और जनभागीदारी को मिला बढ़ावा
वन विभाग ने न केवल पर्यावरणीय गतिविधियां चलाईं बल्कि वन मित्रों, विद्यार्थियों और आम लोगों की भागीदारी से अपने परिसरों व कार्यालयों में स्वच्छता अभियान भी चलाया। इन अभियानों का उद्देश्य स्वच्छ और टिकाऊ पर्यावरण की दिशा में जनचेतना को मजबूत करना रहा।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं और दिए निर्देश
मुख्यमंत्री सुक्खू ने विभाग को पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और इन पहलों को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों को जनता को विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनके क्रियान्वयन में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रधान मुख्य अरण्यपाल समीर रस्तोगी समेत वन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।