Loading...

मुख्यमंत्री ने जारी किया एचपीपीसीबी का पर्यावरण कैलेंडर और स्वर्ण जयंती लोगो

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / धर्मशाला

50 गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचपीपीसीबी) के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यावरण कैलेंडर और स्वर्ण जयंती लोगो का अनावरण किया। कैलेंडर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रमुख गतिविधियों की योजना शामिल है। मुख्यमंत्री ने बोर्ड के 50 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। स्वर्ण जयंती लोगो को सभी आधिकारिक पत्राचार में प्रदर्शित किया जाएगा।

पर्यावरण कैलेंडर में 21 दिसम्बर, 2024 और 21 दिसम्बर, 2025 के मध्य पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण 50 दिनों को मनाने के लिए 50 प्रमुख गतिविधियों की रूपरेखा दी गई है। इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रदेश के लोगों में जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

नए लान्च किए गए स्वर्ण जयंती लोगो को एचपीपीसीबी के सभी आधिकारिक पत्राचार पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय और प्रयोगशालाएं 21 दिसम्बर, 2024 को स्वच्छता अभियान चलायेंगे।स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जनवरी 2025 के अंतिम पखवाड़े या फरवरी 2025 के प्रथम पखवाड़े में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय रतन, संजय अवस्थी, सुरेश कुमार, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, मलिन्द्र राजन, हरदीप बावा, नीरज नैय्यर, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, एचपीपीसीबी के सदस्य सचिव अनिल जोशी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।