करसोग / मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट, 66 केवी सब स्टेशन और दो नए सीबीएसई स्कूलों की घोषणा-मुख्यमंत्री सुक्खू
करसोग (मंडी)
शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के करसोग में जनसभा को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि करसोग में मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट और 66 केवी सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, तिब्बन और पांगणा के स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा जाएगा। करसोग के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें आधुनिक सुविधाएँ और पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होगा।
आपदा प्रभावितों को राहत, नई सड़कों और संस्थानों की घोषणाएँ
मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा में क्षतिग्रस्त 94 घरों के पुनर्निर्माण के लिए प्रति परिवार सात लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने तत्तापानी से बखरौट सड़क के सुधार, आईटीआई भवन निर्माण पूरा करने और इसमें एआई एवं मशीन लर्निंग कोर्स शुरू करने की भी घोषणा की। करसोग अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति जल्द की जाएगी।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच विकास पर फोकस
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं पर एडिशनल बॉरोइंग रोकने और विकास कार्यों में अड़चन डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल कर कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य का खजाना खाली किया, लेकिन वर्तमान सरकार पारदर्शी तरीके से जनता के पैसे का उपयोग जनहित में कर रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार
सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने के लिए दूध, गोबर और प्राकृतिक खेती के उत्पादों की सरकारी खरीद कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा की दिहाड़ी में दो साल में 80 रुपये की वृद्धि की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में सुधार लाते हुए 200 डॉक्टरों की भर्ती की गई है और जल्द 200 और नियुक्त होंगे। अब चमियाणा और टांडा अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध है।
महिला और बच्चों के कल्याण की पहल
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधवा एवं एकल नारी आवास योजना के तहत 12 लाभार्थियों को 18 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना’ के तहत चार बच्चों को घर निर्माण के लिए दूसरी किश्त और एक लाभार्थी को भूमि के कागजात प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्राओं प्रज्ञा ठाकुर और हिमानी ठाकुर को सम्मानित भी किया।
मिल्कफेड के अध्यक्ष ने दी जानकारी
मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने बताया कि ढगवार में 1.5 लाख लीटर क्षमता का मिल्क प्लांट स्थापित किया जा रहा है और दत्तनगर प्लांट की क्षमता बढ़ाई गई है। अब प्रदेश में रोज़ तीन लाख लीटर दूध खरीदा जा रहा है, जबकि भाजपा सरकार के समय यह मात्र 90 हज़ार लीटर था।