Loading...

मुख्यमंत्री सुक्खू की पहल से पांगी घाटी के युवाओं को मिलेगा बस-ट्रैवलर परमिट, 40 प्रतिशत अनुदान और टैक्स में छूट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Nov 2025 • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की हिमाचल दिवस पर की गई घोषणा अब हकीकत बनने जा रही है। जनजातीय उपमंडल पांगी के युवाओं को अब बस और ट्रैवलर परमिट के साथ 40 प्रतिशत अनुदान और रोड टैक्स में चार माह की छूट मिलेगी। यह योजना घाटी के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है।

किलाड़

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अप्रैल 2025 को हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में पांगी घाटी के लोगों के लिए विशेष घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बस-ट्रैवलर खरीदने पर वित्तीय सहायता और परमिट प्रदान किए जाएंगे। अब इस घोषणा को प्रशासन ने लागू कर दिया है।

योजना के लाभ और शर्तें
उपमंडल अधिकारी नागरिक रमन घरसगी ने बताया कि इस योजना के तहत बस या ट्रैवलर खरीदने वाले युवाओं को 40 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्हें चार महीने तक रोड टैक्स में भी छूट दी जाएगी। यह कदम पांगी घाटी में परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
योजना से लाभ उठाने के इच्छुक स्थानीय युवा अपने पहचान प्रमाण पत्र के साथ 10 नवंबर 2025 तक उपमंडल अधिकारी नागरिक (एसडीएम) कार्यालय किलाड़ में आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने युवाओं से अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना से लाभान्वित हो सकें।