Loading...

मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना से वंचित बच्चों को राहत: केवल पठानिया

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Jan 2025 • 1 Min Read

बड़ंज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक वितरण समारोह में सम्मानित हुए होनहार छात्र

शाहपुर

रविवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ंज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने वर्षभर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की “मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना” के महत्व पर प्रकाश डाला।

केवल पठानिया ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य विधवा, बेसहारा, तलाकशुदा महिलाओं और विकलांग माता-पिता के बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी खर्चों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए ₹1000 मासिक अनुदान दिया जाएगा। स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए ट्यूशन और छात्रावास के खर्च का भी वहन किया जाएगा।

उन्होंने स्कूल के विकास के लिए ₹4 लाख की स्वीकृति प्रदान की और चार अन्य कमरों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, स्कूल परिसर में शेड और अतिरिक्त कमरे बनाने के लिए ₹2.5 लाख की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में गांवों को सड़कों से जोड़ने और अधूरी सड़कों का कार्य पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र के छात्रों को नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लंज और शाहपुर में कोचिंग सेंटर खोलने की भी घोषणा की।

समारोह में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रिंसिपल कुलबीर सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में मौजूद रहे गणमान्य
एसडीएम शाहपुर करतार चंद, जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित डोगरा, सिविल हॉस्पिटल शाहपुर के एसएमओ अजय वर्मा, बिजली बोर्ड के एसडीओ विक्रम शर्मा, प्रधान रचना देवी, उपप्रधान गोपाल सिंह, और अन्य स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने समारोह में शिरकत की।