Loading...

मेडिकल कॉलेज को नाहन से बाहर ले जाना शहर के भाग्य पर कुठाराघात : बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 May 2025 • 1 Min Read

मेडिकल कॉलेज शिफ्टिंग को लेकर अब धरने पर उतरी भाजपा, 4 घंटे का दिया सांकेतिक धरना

नाहन

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को नाहन के ऐतिहासिक बड़ा चौक पर आयोजित सांकेतिक धरने में बोलते हुए डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन को शहर से बाहर ले जाने के प्रयासों की कड़ी निंदा की।


उन्होंने कहा कि अथक प्रयासों से मिला यह संस्थान नाहन की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला है और इसे बाहर ले जाना शहर की जनता के भाग्य पर कुठाराघात है।


डॉ. बिंदल ने कहा कि आजादी के बाद से नाहन में कोई बड़ा प्रकल्प नहीं आया, जिससे शहर की विकास गति रुक गई। उन्होंने कहा कि पूर्व में नाहन फाउंड्री शहर की जीवनरेखा थी, जिसमें लगभग एक हजार लोग कार्यरत थे। फाउंड्री बंद होने के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ही एकमात्र ऐसा प्रकल्प है जिसने शहर को नई ऊर्जा देते हुए विकास पर लगे श्राप को मिटाया था।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि मेडिकल कॉलेज का भवन पूर्ण होने पर यह 500 बिस्तरों का अस्पताल होगा, जिसमें 200 से अधिक चिकित्सक, 1000 से अधिक अन्य कर्मचारी, 500 विद्यार्थी और प्रतिदिन लगभग 3000 ओपीडी मरीज आएंगे। इसके अतिरिक्त, लगभग 2000 अभिभावकों का प्रतिदिन शहर में आवागमन और निवास होगा, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।


डॉ. बिंदल ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि क्या नाहन को इतना बड़ा प्रकल्प और कभी मिल पाएगा।
उन्होंने नाहन के कांग्रेस नेताओं पर किसी बड़े चक्रव्यूह में फंसकर शहर को बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह मरीजों की सेवा का एक बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जिसे बंद करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।


डॉ. बिंदल ने कहा कि बदलते परिवेश में नाहन बाईपास और टनल बनने से शहर की तस्वीर बदलेगी, लेकिन अगर मेडिकल कॉलेज भी यहां से शिफ्ट हो गया तो नाहन शहर बर्बाद हो जाएगा।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज के लिए पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं और उपलब्ध कराई भी गई है बावजूद इसके मेडिकल कॉलेज का रुका हुआ निर्माण कार्य शुरू न करते हुए इसे शिफ्ट करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
उन्होंने ‘विस्तारीकरण’ शब्द को धोखा और मायाजाल बताया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में तीन ऑक्सीजन प्लांट, 25 वेंटिलेटर और विश्व स्तरीय सीटी स्कैन, एक्सरे व अल्ट्रासाउंड मशीनें मौजूद हैं, जिन्हें और बढ़ाया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने माता एवं शिशु अस्पताल निर्माण के लिए आए 20 करोड़ रुपये के बजट का भी उल्लेख किया, जिसका भवन भी रोक दिया गया है। उन्होंने मांग की कि रुके हुए कार्यों को तुरंत शुरू किया जाए।


बड़ा चौक में आयोजित हुए इस सांकेतिक धरना प्रदर्शन में जिला सिरमौर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विनय गुप्ता, प्रदेश भाजपा महासचिव मनीष चौहान, भाजपा नेता प्रीत मोहन शर्मा भावन शर्मा, मनीष अग्रवाल, बनेठी पंचायत के उपपधान राजकुमार ठाकुर, वीरेंद्र कुमार, विशाल तोमर, आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।