प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल बोले – जनविरोधी फैसला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं
नाहन – डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज को मौजूदा स्थान से शिफ्ट करने के फैसले के खिलाफ विरोध तेज होता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और उनके समर्थकों ने नाहन के बड़ा चौक में इस निर्णय के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से उनकी राय ली गई कि वे मेडिकल कॉलेज को स्थानांतरित किए जाने के पक्ष में हैं या विरोध में।
जनता और व्यापारियों ने किया विरोध दर्ज
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
इस अभियान में बड़ी संख्या में लोगों और व्यापारियों ने हस्ताक्षर कर मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट किए जाने का विरोध दर्ज कराया। डॉ. बिंदल ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज के इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई थी, जिसमें बेहतर सुविधाओं, बृहद पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को शामिल किया गया था। उन्होंने मांग की कि सरकार को मेडिकल कॉलेज के रुके हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करवाना चाहिए।
शिफ्टिंग का फैसला जनविरोधी, नहीं होगा स्वीकार
डॉ. बिंदल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने का फैसला पूरी तरह से जनविरोधी है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉलेज के निर्माण पर पहले ही करोड़ों रुपये खर्च हो चुके हैं। अगर इसे नई जगह शिफ्ट किया जाता है, तो फॉरेस्ट क्लीयरेंस में ही वर्षों लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज से नाहन विधानसभा क्षेत्र के विकास का भविष्य जुड़ा हुआ है।
मेडिकल कॉलेज बना नाहन के विकास का प्रतीक
डॉ. बिंदल ने बताया कि 2012-14 के दौरान इस अस्पताल में गिने-चुने डॉक्टर ही थे, लेकिन 2017-22 के बीच हर स्पेशलिटी के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर नियुक्त किए गए। आज यह मेडिकल कॉलेज नाहन के विकास का प्रतीक बन चुका है, लेकिन मौजूदा सरकार सिर्फ राजनीति कर रही है और इस संस्थान के विकास को प्रभावित कर रही है।
भाजपा का जन चेतना अभियान जारी
उन्होंने कहा कि जनता इस फैसले का पुरजोर विरोध कर रही है और भाजपा इसके खिलाफ जन चेतना अभियान चला रही है।
हस्ताक्षर अभियान में भाजपा नेताओं की भागीदारी
इस दौरान पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र सैनी, अंकुर गुप्ता, शिव कुमार गर्ग, सड़क सुरक्षा क्लब के पूर्व अध्यक्ष विशाल तोमर, भाजपा नेता दुर्गेश चौधरी और जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





