Loading...

मेडिकल स्टोर में हुआ भीषण अग्निकांड, 50 लाख का नुकसान

Ankita • 6 Jul 2024 • 1 Min Read

HNN/ बिलासपुर

जिला बिलासपुर में भराड़ी उपतहसील के तहत दधोल चौक पर एक मेडिकल स्टोर में भीषण अग्निकांड हुआ है। आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दो घंटे कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग ने आग को बुझाया। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

जानकारी के मुताबिक, करलोटी गांव के अक्षित कुमार ने अभी दो माह पहले ही दधोल चौक पर होल सेल दवाइयों की दुकान खोली थी। रोजाना की तरह शाम करीब साढ़े सात बजे वह दुकान बंद करके घर निकल गया था। इसी बीच अचानक ही दुकान में चिंगारी सुलग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी व कर्मी मौके पर पहुंचे जिन्होंने आग पर काबू पाया। दुकान के भीतर रखी करीब पचास लाख रुपये की दवाइयां जलकर राख हो गई। भराड़ी पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।