Loading...

मेल स्कूल में जल्द शुरू होगी जीव विज्ञान संकाय की कक्षाएं- कुलदीप सिंह पठानिया

PRIYANKA THAKUR • 22 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ चम्बा

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मेल में जीव विज्ञान संकाय की कक्षाओं को जल्द शुरू किया जाएगा। यह बात विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कही। उन्होंने जीव विज्ञान संकाय की प्रयोगशाला सहित स्कूल भवन में पांच कमरों के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का ऐलान भी किया।

उन्होंने ये भी कहा कि विद्यालय की सभी आवश्यक जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जाएगी। क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी पर निराशा जाहिर करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों को पेयजल योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क निर्माण को लेकर समयबद्ध सीमा के भीतर आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।

कुलदीप सिंह पठानिया ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेल के भवन निर्माण के लिए जल्द बजट की व्यवस्था कर निर्माण कार्यों को शुरू किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि नैनीखड़ से समलेउ संपर्क सड़क के उन्नयन कार्यों के लिए 19 करोड़ रुपए की राशि व्यय होगी।

उन्होंने लोगों को यह भरोसा भी दिया कि इस क्षेत्र के साथ लगते विद्युत परियोजना के जलाशय में पर्यटन आधारित गतिविधियों को शुरू किया जाएगा ग्राम पंचायत बगढ़ार,नागली, चूहन, मेल,तुनुहट्टी, बलेरा, ढलोग, जियूंता, मोरनू, बैली, सुदली, नैनीखड़ के लिए उठाऊ पेयजल योजना कार्य जल्द शुरू होगा। इसी तरह ग्राम पंचायत मेल के लिए 2 करोड़ की राशि से उठाऊ सिंचाई योजना तैयार होगी।