Loading...

मैड़ी होली मेले में नाबालिग से कथित अश्लील हरकत मामले में दो आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 8 Mar 2026, 12:49 PM | Updated: 8 Mar 2026, 1:06 PM 0 min read

मैड़ी में आयोजित होली मेले के दौरान नाबालिग लड़की से कथित अश्लील हरकत और मारपीट के मामले में कार्रवाई तेज हुई है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।

ऊना/अंब

पुलिस रिमांड के बाद अदालत में पेश किए गए आरोपी

पुलिस थाना अंब के अंतर्गत मैड़ी में आयोजित प्रसिद्ध होली मेले के दौरान 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित अश्लील हरकत और मारपीट के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। तीन दिन की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए।

पोक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मामला

इस मामले में 2 मार्च को पुलिस थाना अंब में पंजाब के एक गांव की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पोक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि मैड़ी होली मेले के दौरान आरोपी ने उसकी मां की मौजूदगी में उसके साथ अश्लील हरकत की और मारपीट भी की।

घटना के बाद फरार हुए थे आरोपी

बताया गया कि 27 फरवरी की रात हुई इस घटना के बाद पीड़िता की मां सहित दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और पंजाब के तरनतारन में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस आगे की जांच में जुटी

एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है।