Loading...

यशवंत विहार को बस स्टॉपेज के साथ अतिरिक्त बस की मिलेगी सुविधा

Ankita • 15 Apr 2023 • 1 Min Read

प्रोमिला ठाकुर के नेतृत्व में सोलंकी के साथ उप मुख्यमंत्री से मिला डेपुटेशन

HNN/ नाहन

हिमाचल निर्माता के नाम पर जिला सिरमौर की पहली कॉलोनी यशवंत विहार के लोगों को अब नाहन आने-जाने में दिक्कत नहीं होगी। उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरएम नाहन को यशवंत विहार के लिए लोकल बस के प्रावधान किए जाने के आदेश दिए हैं।

बता दें कि यशवंत विहार कि कांग्रेस नेत्री प्रोमिला ठाकुर के साथ एक डेपुटेशन अजय सोलंकी के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री से मिला। उप मुख्यमंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में यशवंत विहार में स्थानीय लोगों के आने जाने की समस्या को लेकर अतिरिक्त बस लगाए जाने की मांग की थी।

यही नहीं यशवंत विहार में एक स्थाई बस स्टॉपेज के लिए भी मांग की गई। सौंपे गए मांग पत्र पर उप मुख्यमंत्री ने आरएम जिला सिरमौर संजीव बिष्ट को रूट की पूर्ण जानकारी दिए जाने के बाद उचित व्यवस्था बनाने के आदेश दिए हैं। हालांकि स्नातकोत्तर महाविद्यालय यशवंत विहार में होने के चलते छात्रों के लिए यहां चार बसें अलग से चलाई गई हैं।

मगर स्थानीय लोगों को नाहन आने-जाने के लिए इन बसों में जगह नहीं मिलती है। जिसको लेकर यशवंत विहार की महिला विंग की अध्यक्ष और कांग्रेस नेत्री उर्मिला ठाकुर ने स्थानीय विधायक अजय सोलंकी की मार्फत उपमुख्यमंत्री से डिमांड पत्र सौंपा था।

यही नहीं प्रोमिला ठाकुर ने विधायक अजय सोलंकी से स्ट्रीट लाइट और इसके साथ साथ रात्रि के समय पुलिस गश्त की भी मांग करी है। प्रोमिला ठाकुर का कहना है कि यशवंत विहार क्षेत्र में रेस राइडर दिन ढलते ही बाइक की रेस लगाते हैं। यह रफ्तार इतनी होती है कि कई बार कई लोग बाल-बाल बचे हैं।

यही नहीं रात के समय शराबी और असामाजिक तत्व भी इस क्षेत्र में विचरण करते हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते यहां पर व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जाता है तो कई संभावित खतरों से यशवंत विहार को बचाया जा सकता है। वहीं विधायक अजय सोलंकी ने भी क्षेत्र की सभी समस्याओं को लेकर जल्द से जल्द बेहतर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।