Loading...

राजकीय उच्च विद्यालय कानसर को मिली ई-लाइब्रेरी, भवन सुधार में भी मदद

Shailesh Saini 31 Oct 2025 Edited 31 Oct 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन:

राजकीय उच्च विद्यालय कानसर में आज ‘एटी इंडिया’ और ‘एलआईसी एचएफएल’ के संयुक्त तत्वाधान से संचालित ‘हृदय परियोजना’ के अंतर्गत एक विशेष विजिट का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों को ई-लाइब्रेरी की महत्त्वपूर्ण सुविधा प्रदान की गई।

इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक किशोर भारद्वाज तथा शिक्षक अनिल शर्मा, सुरेश शर्मा, कमलेश देवी एवं एसएमसी (विद्यालय प्रबंधन समिति) सदस्य मौजूद रहे।

विजिटिंग टीम का नेतृत्व ‘एप्रोप्रियेट इंडिया’ संस्था के अधिशाषी निदेशक संजय बिष्ट ने किया, उनके साथ वरिष्ठ प्रबंधक रमेश सेमवाल, एलआईसी एचएफएल से अभिषेक जॉन व परियोजना प्रबंधक सुधाकर और अन्य टीम सदस्य शामिल थे।

इस विजिट के दौरान, ‘हृदय परियोजना’ के तहत विद्यालय को एलआईसी एचएफएल की ओर से ई-लाइब्रेरी की सुविधा प्रदान की गई, जो छात्रों के लिए आधुनिक डिजिटल अध्ययन सामग्री तक पहुँच सुनिश्चित करेगी।

संस्था ने बताया कि ई-लाइब्रेरी प्रदान करने के साथ ही, पिछले महीने विद्यालय की छत पर डैंप प्रूफ (नमी अवरोधक) का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। वर्तमान में विद्यालय में सीढ़ियों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है, जिससे विद्यालय भवन की सुरक्षा और ढांचागत सुविधाएँ मजबूत होंगी।

विद्यालय प्रबंधन ने ‘हृदय परियोजना’ के अंतर्गत किए जा रहे इन विकास कार्यों और सहयोग के लिए दोनों संस्थाओं के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।