राजकीय कन्या विद्यालय ऊना में छात्राओं से मिले उपायुक्त, 42 मेधावियों को किया सम्मानित
उपायुक्त जतिन लाल ने “अपना विद्यालय” पहल के तहत की प्रेरणादायक मुलाकात
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त ने छात्राओं से किया आत्मीय संवाद
उपायुक्त ऊना जतिन लाल गुरुवार को “अपना विद्यालय” अभियान के तहत राजकीय कन्या उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित किया।
42 मेधावी छात्राएं हुईं सम्मानित
कार्यक्रम में उपायुक्त ने 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली 42 मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
“अपना विद्यालय” से बढ़ा आत्मबल
यह पहल हिमाचल सरकार की अभिनव योजना है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी विद्यालयों को गोद लेकर छात्रों के समग्र विकास में योगदान दे रहे हैं। विद्यालय के प्रिंसिपल सुरेश ने कहा कि उपायुक्त के प्रत्यक्ष जुड़ाव से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।
सवाल-जवाब के माध्यम से मिला मार्गदर्शन
छात्राओं ने उपायुक्त से करियर, प्रशासन और शिक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। जतिन लाल ने सरल और प्रेरणादायक उत्तर देते हुए छात्राओं को चुनौतियों से न डरने और मेहनत से आगे बढ़ने की सलाह दी।