Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में कौशल विकास और उद्यमिता पर विशेष व्याख्यान आयोजित

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 11 Mar 2026, 2:26 PM | Updated: 11 Mar 2026, 2:27 PM 1 min read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख कौशल और स्वरोजगार के अवसरों से अवगत कराने के उद्देश्य से एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने युवाओं को कौशल विकास और उद्यमिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की पहल

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उप तहसील जोल स्थित राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में करियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में कौशल एवं उद्यमिता विकास विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख कौशल और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।

विशेषज्ञ ने दी योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में एसईडी इंस्टीट्यूट ऊना से आए रिसोर्स पर्सन रमेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और संभावित स्वरोजगार क्षेत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शैक्षणिक योग्यता के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल और नवाचार भी सफलता के लिए आवश्यक हैं।

युवाओं को उद्यमिता के लिए किया प्रेरित

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि युवा सही दिशा में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करें तो वे न केवल बेहतर रोजगार हासिल कर सकते हैं बल्कि स्वयं का उद्यम स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।

प्राचार्य ने बताया कौशल विकास का महत्व

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कौशल विकास और उद्यमिता अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

विभिन्न क्लबों के विद्यार्थियों की भागीदारी

इस अवसर पर महाविद्यालय के इको क्लब, ऊर्जा क्लब, एनएसएस इकाई, रेड रिबन क्लब, आपदा प्रबंधन तथा रेड क्रॉस क्लब के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में डॉ. रामकुमार नेगी, प्रो. कविता कौशल, डॉ. राम सिंह, प्रो. नवीन शर्मा सहित अन्य प्राध्यापक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।