Loading...

राजगढ़ के खलैंच में घास काटते समय ढांक में गिरी महिला, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 Oct 2025 • 1 Min Read

जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में घास काटने गई एक महिला की ढांक में गिरने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।

राजगढ़

घास काटते समय हुआ हादसा
राजगढ़ तहसील के खलैंच गांव की 42 वर्षीय प्रवेश कुमारी पत्नी संजू सोमवार को जंगल में घास काटने गई हुई थी। इसी दौरान पांव फिसलने से वह गहरी खाई में गिर गई। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों को महिला गंभीर हालत में ढांक में गिरी हुई मिली।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों ने उसे तुरंत राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमएमयू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने सुल्तानपुर में उसे मृत घोषित किया।

परिजनों को मिली फौरी राहत
प्रदेश सरकार की ओर से तहसीलदार राजगढ़ ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की है। वहीं, पुलिस थाना राजगढ़ के प्रभारी राजविंदर सिंह ने हादसे की पुष्टि की है।