राजगढ़: गहरी खाई में गिरी सेब से लदी पिकअप, चालक की मौत, एक जख्मी

By Ankita Published: 5 Aug 2023, 4:21 PM | Updated: 5 Aug 2023, 4:21 PM 1 min read

HNN/ राजगढ़

जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में सनौरा-नेरीपुल मार्ग पर नेईनेटी में सेब से लदी पिकअप गहरी खाई में गिर गई जिस कारण चालक की मौत हो गई। इसके अलावा हादसे में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेरवा निवासी चालक देई राम (55) पिकअप गाड़ी (HP08ए-6276) में सेब लोड कर क्लीनर गणेश कुमार के साथ नेरवा से परवाणू जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिस कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया तथा पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची मगर तब तक चालक दम तोड़ चुका था जबकि दूसरे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उधर, प्रभारी पुलिस चैकी यशवंतनगर एएसआई गोविन्द राम ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।