सिरमौर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब बिक्री पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी फटी पटेल की टीम ने गश्त के दौरान एक ढाबे से संतरा ब्रांड की 11 बोतलें देशी शराब बरामद कीं, जिन्हें बिना परमिट बेचा जा रहा था।
राजगढ़।
पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ज्ञानकोट के पास सड़क किनारे स्थित ढाबे में चाय-पानी के साथ शराब बेचने का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना पर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ढाबे के काउंटर पर बैठे व्यक्ति से पूछताछ की, जिसने अपना नाम जगदीश निवासी बखोग बताया।
तलाशी में मिली देशी शराब, कोई लाइसेंस नहीं
ढाबे की तलाशी के दौरान गैस सिलेंडर के पीछे रखी एक गत्ते की पेटी में 11 कांच की बोतलें देशी शराब (संतरा नंबर-01) मिलीं, जिन पर “For Sale in Himachal Pradesh Only” अंकित था। आरोपी कोई भी परमिट या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आबकारी अधिनियम में केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी जगदीश के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

