राजगढ़ में तेंदुए का आतंक – डीएफओ ने जारी की एडवाइजरी
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ में तेंदुए का आतंक ,तेंदुए की मौजूदगी से फैला डर
राजगढ़ के वार्ड नंबर एक, पांच और सात सहित ग्राम पंचायत शलाना के कड़ीयूत जैसे क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने तेंदुए को घूमते देखा है। इस घटना ने क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) राजगढ़, समीर राज ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और विशेष एहतियात बरतने की अपील की है।
एडवाइजरी में दिए गए निर्देश
डीएफओ ने कहा है कि सांयकाल के बाद कोई भी व्यक्ति, विशेष रूप से बच्चे, अकेले घर से बाहर न निकलें। मवेशियों को रात्रि होने से पहले गौशाला में सुरक्षित बंद कर दें। साथ ही, घर की खिड़कियां और दरवाजे शाम के बाद बंद रखना सुनिश्चित करें ताकि तेंदुआ किसी पर हमला न कर सके।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ
वन विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि वन मंडल कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए को घूमते हुए देखा गया है। इसके अलावा, कड़ीयूत वार्ड नंबर सात के पायलन में भी स्थानीय लोगों ने तेंदुए की उपस्थिति की पुष्टि की है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की सलाह दी है। यह कदम तेंदुए के खतरे को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।