Loading...

राजगढ़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपी, चंद घंटों में धरा

Ankita 30 Mar 2024 Edited 30 Mar 1 min read

कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने 10 किमी दूर जंगल से किया गिरफ्तार

HNN/ राजगढ़

नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार एक आरोपी शुक्रवार दोपहर बाद राजगढ़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को 6 घंटे बाद 10 किलोमीटर दूर जंगल से दबोच लिया गया।

बता दें कि राजगढ़ पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से 2 दिन पहले ही राजगढ़ में हुई मोबाइल चोरी के मामले में नेपाल मूल के चार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की थी। शुक्रवार दोपहर बाद जब आरोपियों को चोरी किए समान की शिनाख्त के लिए दुकान ले जाया जा रहा था तो इसी बीच आरोपी जनक राज पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया।

आरोपी के फरार होते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद कड़ी मशक्कत से राजगढ़ पुलिस ने करीब दस किलोमीटर दूर बसोतरी के पास आरोपी को दबोच लिया। गौरतलब हो कि इन आरोपियों ने राजगढ़ की एक दुकान से 6 लाख की कीमत के 48 मोबाइल, एक टैब और एक स्मार्ट वॉच की चोरी को अंजाम दिया था।

वारदात के बाद पुलिस ने इन आरोपियों को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी हुआ समान भी बरामद किया है। उधर, एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने चोरी के आरोपी जनकराज की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

Related Topics: