Loading...

राजगढ़ में स्त्रोन देवता शनोल मेला देखने को उमड़ा जनसैलाब

Ankita • 5 Aug 2024 • 1 Min Read

चंडीगढ़ के पहलवान आशीष ने जीती माली और झटका 51 हजार का नकद ईनाम

HNN/ राजगढ़

राजगढ़ क्षेत्र का पारंपरिक स्त्रोन देवता शनोल मेले के समापन चुरवाधार के समीप कूफर जोहड़ में हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने स्त्रोन देवता के मंदिर में हाजरी भरी और आर्शिवाद प्राप्त किया। विशाल दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कुश्ती में उत्तरी भारत के नामी पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए।

प्रमुख माली चंडीगढ़ के नामी पहलवान आशीष ने पंजाब के लाली गामा को फाइनल में हराया। जबकि छोटी माली मरयोग के वीर सिंह ने चंडीगढ़ के चेतन हो हराकर जीती। मेला समिति ने बड़ी माली जीतने वाले आशीष पहलवान को 51 हजार रूपये और छोटी माली विजेता को 21 हजार की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान करके सम्मानित किया।

मेले में वर्मा जवैलर्ज सोलन के मालिक नरेश चंद वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और कुश्ती के नामी पहलवानों को सम्मानित किया। उन्होंने इस मौके पर क्षेत्र के लोगों को स्त्रोन देवता शनोल मेले की शुभकामनाएं दी और कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक है जिनके आयोजन से लोगों को आपस में मिलने जुलने का मौका मिलने के साथ साथ लोगों में सदभावना, पारस्परिक सहयोग, प्यार की भावना उत्पन्न होने से राष्ट्र की एकता और अखंडता को बल मिलता है।

दिल्ली के आढ़ती प्रमेश चौहान ने समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। मेला कमेटी के प्रधान शेखर शर्मा ने मुख्य अतिथि सहित मेले में आए सभी लोगों का स्वागत किया और बताया कि राजगढ़ क्षेत्र का सबसे प्राचीन मेला है जिसे आदीकाल से चुवराधार के समीप कूफर जोहड़ में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि स्त्रोन देवता में लोगों की अगाध श्रद्धा और आस्था जुड़ी है तथा इस मेले के आयोजन से क्षेत्र में खुशहाली और समृद्धि का सूत्रपात होता है।

मेले के दिन देवता की विशेष पूजा की जाती है तदोंपरात देवता की छड़ी को मेला ग्राउंड में लाया जाता है। इस मौके पर मेला समिति के उप प्रधान सुभाष अत्री और सचिव वेदप्रकाश सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। दंगल में कुंडु, रामलाल, ओमप्रकाश और रमेश ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके लोगों का भरपूर मनोरंजन करवाया।