राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी कांग्रेस सरकार- मुख्यमंत्री
HNN / शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का आह्वान किया कि वह परिश्रम के साथ अनुशासित होकर सतत कार्य करें ताकि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुनः राष्ट्र एवं विभिन्न राज्यों में स्थापित हो सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा उन्हें सम्मानित करने के अवसर पर आयोजित अभिनंदन समारोहों को संबोधित कर रहे थे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हमारे सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता निराशा त्यागकर पूर्ण ऊर्जा एवं समर्पण के साथ जन-जन तक कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भविष्य भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का है और सभी को पूर्व की हार से सबक लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संघर्ष की भट्ठी में तप कर ही स्वर्ण कुंदन बनता है और आज का संघर्ष ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सुदृढ़ भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष करने की क्षमता रखने वाला ही चुनौतियों को पार कर सकता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह कांग्रेस की विचारधारा ही है जिसने एक आम कार्यकर्ता को महाविद्यालय के कक्षा प्रतिनिधि से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति, भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष के उपरांत हिमाचल का मुख्यमंत्री पद सौंपा।
उन्होंने कहा कि आज वह भारतीय युवा कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यालयों में अपने राजनीतिक जीवन के आरंभ को नमन करने आए हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपनी शुरुआत और जड़ों को कभी न भूलें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जहां अपने सभी वायदे पूरे करेगी वहीं जन-जन को पारदर्शी, संवेदनशील एवं साफ- सुथरा प्रशासन प्रदान किया जाएगा।