ऊना/वीरेंद्र बन्याल
तीन दिवसीय हरोली उत्सव में नशा मुक्ति थीम पर जागरूकता, सांस्कृतिक संध्या, अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियों से सजेगा माहौल
राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 का आयोजन 27 से 29 अप्रैल तक उपमंडल हरोली के कांगड़ मैदान में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ 27 अप्रैल को शाम 5 बजे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल एक भव्य शोभायात्रा के उपरांत करेंगे। इस वर्ष उत्सव की थीम “नशा निवारण” निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत “नशा मुक्त ऊना – नशा मुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव का गौरव बढ़ेगा
28 अप्रैल को मध्य दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 29 अप्रैल को समापन समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। शोभायात्रा प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री पीजी कॉलेज हरोली से आरंभ होकर कांगड़ मैदान तक जाएगी, जिसमें विभिन्न संस्थाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं और सांस्कृतिक दल भाग लेंगे।
सांस्कृतिक संध्या और अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र
उत्सव के दौरान तीनों दिन भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।
- 27 अप्रैल: पंजाबी स्टार मनकीरत औलख, हिमाचली गायक कुमार साहिल और अर्शप्रीत अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
- 28 अप्रैल (हिमाचली नाइट): इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, अनुज शर्मा और एसी भारद्वाज मंच पर धूम मचाएंगे।
- 29 अप्रैल: स्टार पंजाबी गायक गैरी संधू और जसबीर जस्सी अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधेंगे।
साथ ही अफ्रीकन डांस, रशियन फायर डांस और यूक्रेनियन ड्रम बैंड जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां भी दर्शकों का मन मोहेंगी।
पारंपरिक खेलों और प्रदर्शनियों का आयोजन
उत्सव में छिंज, कुश्ती, कबड्डी, रस्साकसी, मटका दौड़ जैसी पारंपरिक खेल स्पर्धाएं होंगी। महिला मंडलों, युवक मंडलों और विद्यालयों के लिए भी अनेक रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग, कृषि, पशुपालन विभाग की विकास प्रदर्शनियां, व्यावसायिक स्टॉल और महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
जिला प्रशासन की अपील
उपायुक्त जतिन लाल ने क्षेत्रवासियों से इस भव्य आयोजन में भाग लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





