Loading...
una

राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का न्यौता लेकर शिमला पहुंचे डीसी, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की औपचारिक भेंट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Apr 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

27 से 29 अप्रैल तक आयोजित होगा राज्य स्तरीय हरोली उत्सव, तैयारियां जोरों पर

राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शिमला में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डीसी ने उन्हें औपचारिक रूप से उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण पत्र सौंपा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री को दी गई उत्सव की जानकारी
डीसी जतिन लाल ने हरोली उत्सव की रूपरेखा, प्रमुख कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं के सम्मान, जनसहभागिता और सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।

27 से 29 अप्रैल तक कांगड़ मैदान में होगा आयोजन
डीसी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हरोली उपमंडल के कांगड़ मैदान में 27 से 29 अप्रैल तक यह उत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। शुभारंभ 27 अप्रैल को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में होगा, जबकि समापन समारोह 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सम्पन्न होगा।

राज्य स्तरीय रूप में पहली बार आयोजित हो रहा उत्सव
राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों ने इस आयोजन के प्रति शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इसे सामाजिक संवाद और सांस्कृतिक समरसता का एक सशक्त मंच बताया। यह उत्सव सात वर्षों के अंतराल के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विशेष प्रयासों से पहली बार राज्य स्तरीय स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है।