राशनकार्ड धारकों को राहत / डिपुओं में जरूरत के हिसाब से मिलेगा सरसों तेल, सरकार ने जारी किए नए दिशा-निर्देश
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों राशनकार्ड धारकों को बड़ी राहत दी है। अब उपभोक्ता अपनी जरूरत के हिसाब से राशन डिपो से सस्ते दामों पर सरसों तेल खरीद सकेंगे। इसके लिए उपभोक्ताओं को समारोह से संबंधित दस्तावेज जैसे शादी का कार्ड आदि डिपो होल्डर को दिखाना होगा।
अब तक दो लीटर थी सीमा
प्रदेश में अभी तक एक राशन कार्ड पर अधिकतम दो लीटर सरसों तेल ही दिया जाता था। लेकिन नए आदेशों के बाद उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिक सरसों तेल खरीद सकते हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक पुरुषोतम सिंह ने कहा कि इस निर्णय से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें घर में समारोह आदि के लिए अधिक मात्रा में सरसों तेल की जरूरत होती है।
कम दामों पर मिलेगा सरसों तेल
राशन डिपो में बाजार दर से कम कीमत पर राशन उपलब्ध कराया जाता है। इसी तरह सरसों तेल भी सस्ती दरों पर दिया जाएगा। सरकार का यह कदम उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत देने में सहायक होगा।
प्रदेश में 19.65 लाख राशन कार्ड धारक
हिमाचल प्रदेश में कुल 19,65,589 राशन कार्ड धारक हैं, जो राज्य भर में 4,500 से अधिक राशन डिपो के माध्यम से सस्ते राशन का लाभ ले रहे हैं। इन डिपो में आटा, चावल, तीन किस्म की दालें, नमक और सरसों तेल सस्ते दरों पर उपलब्ध हैं।
आवश्यक दस्तावेज होंगे जरूरी
सरकार के आदेशों के अनुसार, अगर किसी उपभोक्ता को किसी समारोह के लिए अतिरिक्त सरसों तेल की आवश्यकता है, तो उन्हें संबंधित दस्तावेज (जैसे शादी का कार्ड) प्रस्तुत करना होगा।