Loading...

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई गई मतदाता शपथ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 24 Jan 2026 Edited 24 Jan Quick read

लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली।

नाहन

लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय नाहन में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनावों की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।

बिना किसी दबाव के मताधिकार के प्रयोग की शपथ

शपथ के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन, धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय अथवा भाषा से प्रभावित हुए बिना अपने विवेक के आधार पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएंगे।

मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह निर्भीक होकर अपने मत का प्रयोग करे। उन्होंने सभी से न केवल स्वयं मतदान करने बल्कि अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक परंपराओं को और अधिक सुदृढ़ करना है।

प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एल.आर. वर्मा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक शर्मा तथा तहसीलदार निर्वाचन विजय कुमार सहित उपायुक्त कार्यालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Topics: