राहुल गांधी पर पुतला फूंकने से कांग्रेस को दर्द, पहले अपने वादों का हिसाब दें अजय सोलंकी : मनीष चौहान
नाहन की 40 हजार महिलाओं को अब तक नहीं मिली गारंटी की राशि, सड़कों की बदहाली पर भी विधायक को घेरा
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और भाजपा के खिलाफ विधायक अजय सोलंकी के बयान पर प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर आरोप लगाने से पहले विधायक अजय सोलंकी को आत्मचिंतन करने की जरूरत है।
प्रदेश में पिछले चार वर्षों से कांग्रेस की सरकार है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही इस सरकार में नाहन के विधायक अजय सोलंकी को भी अहम स्थान प्राप्त है। ऐसे में उन्हें भाजपा पर सवाल उठाने से पहले अपनी सरकार की उपलब्धियों और चुनाव के दौरान किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
मनीष चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले प्रदेश की जनता को दस गारंटियां दी थीं। इनमें महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने जैसे बड़े वादे शामिल थे। उन्होंने सवाल उठाया कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की करीब 40 हजार महिलाओं को अब तक इन वादों के अनुरूप लाभ क्यों नहीं मिला।
उनके अनुसार, यदि प्रत्येक पात्र महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह की राशि मिलती, तो अब तक हजारों रुपये उनके खातों में पहुंच चुके होते। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त बिजली देने की गारंटी पूरी करना तो दूर, गरीब परिवारों को हजारों रुपये के बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है।
कई उपभोक्ताओं के बिल 15 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक आने की बात सामने आ रही है।भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में राजनीतिक अस्थिरता और अराजकता का माहौल बनाने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला फूंका तो कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी को दर्द होने लगा और वह भाजपा तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल पर निशाना साधने लगे। मनीष चौहान ने सवाल किया कि जब कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंकते हैं, तब उन्हें इस तरह की कार्रवाई पर आपत्ति क्यों नहीं होती?
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के मामलों में कांग्रेस को दोहरा रवैया अपनाने के बजाय अपने आचरण पर भी विचार करना चाहिए।मनीष चौहान ने राहुल गांधी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में लंबे समय से एक ही परिवार के इर्द-गिर्द सत्ता की राजनीति घूमती रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजनीतिक लाभ के लिए लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे देश में टकराव की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को राहुल गांधी की राजनीति और उनके बयानों का विरोध करने का अधिकार है, तो पुतला दहन के जरिए विरोध जताने पर कांग्रेस को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
मनीष चौहान ने विधायक अजय सोलंकी को अपने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान देने की नसीहत देते हुए कहा कि नाहन क्षेत्र में सड़कों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। कई जगह सड़कों पर गहरे गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति ऐसी हो गई है कि यह समझना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। उन्होंने कहा कि विधायक को भाजपा पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करवाने के लिए अपनी सरकार पर दबाव बनाना चाहिए।