Loading...

राह-वीर योजना / राह-वीर योजना में सड़क दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने पर मिलेगा ₹25,000 का सम्मान राशि

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 May 2025 • 1 Min Read

रिकांग पिओ

किन्नौर उपायुक्त ने दी जानकारी, 5 बार तक मिल सकता है इनाम, कानूनी कार्रवाई से भी सुरक्षा

गोल्डन आवर में मदद करने वालों को मिलेगा सरकारी सम्मान
भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की गई राह-वीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल को “गोल्डन आवर” यानी पहले घंटे में अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने 21 मई को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

21 अप्रैल से लागू, अगले साल तक मान्य
डॉ. शर्मा ने बताया कि यह योजना 21 अप्रैल 2025 से शुरू हो चुकी है और 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी। इस योजना के तहत एक व्यक्ति अधिकतम 5 बार इनाम प्राप्त कर सकता है। इसके अलावा, देशभर से चयनित 10 राह-वीरों को 1 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की जाएगी।

राशि सीधे बैंक खाते में और पूर्ण कानूनी सुरक्षा
राह-वीर को मिलने वाली राशि सीधे उसके बैंक खाते में भेजी जाएगी। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस योजना के अंतर्गत किसी भी राह-वीर के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। यदि किसी राह-वीर को अपने अधिकारों के उल्लंघन का अनुभव होता है, तो वह शिकायत निवारण समिति के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करवा सकता है।

योजना का उद्देश्य—जीवन बचाना और समाज में जागरूकता फैलाना
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे न केवल जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में सहयोग की भावना और मानवीय मूल्यों को भी बढ़ावा मिलेगा।