रैहन में आयोजित हुआ पांच दिवसीय जिला स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम
जिला के सात खंडों से 40 अध्यापक ले रहे प्रशिक्षण
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में धर्मशाला डाइट के तहत रैहन में जिला स्तरीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत डाइट को-ऑर्डिनेटर डॉ. जोगिंद्र सिंह ने की। वहीं बीपीओ कम प्रिंसीपल डॉ. इंद्र सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अध्यापकों का मार्गदर्शन किया और भूगोल पठन-पाठन के महत्त्वपूर्ण बिंदुओं का ज्ञान अध्यापकों के साथ साझा किया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. जोगिंद्र सिंह ने पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला परियोजना अधिकारी नीना पुन के मार्गदर्शन में जिले में रैहन क्षेत्र को टीजीटी अध्यापकों के प्रशिक्षण हेतु चुना गया है। वहीं प्रशिक्षण के दूसरे दिन रिसोर्स पर्सन कपिल मेहरा ने भूगोल विषय पाठन की विस्तृत जानकारी सभी अध्यापकों के साथ साझा की और शिक्षण पद्धति की मूलभूत जानकारी मुहैया करवाई।
डॉ. जोगिंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि रिसोर्स पर्सन यदि समाज के उत्कृष्ट व्यक्तित्व भी मिलें तो इससे वे अध्यापकों के शिक्षण को कई प्रकार से अभिनव और नवीन करके इसे बेहतर और अत्यधिक उपयोगी बना पाएंगे। इस दौरान इन अध्यापकों से विभिन्न विषयों एवं अध्यापन से संबंधित क्रिया कलाप भी करवाए गए। कार्यशाला में भाग लेने वाले अध्यापकों ने भी कहा कि अपने इस प्रशिक्षण के अनुभव को स्कूल में लागू करेंगे।