रोहड़ू में दर्दनाक हादसा: खड्ड में गिरी कार, 2 की मौत, तीन जख्मी
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के रोहड़ू उपमंडल में स्मरकोट सड़क पर कोटी नाला के पास एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। इसके अलावा तीन जख्मी हुए है। घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
मृतकों की पहचान बिलासपुर के भोजपुर निवासी (चालक) लक्की शर्मा (25) पुत्र प्रकाश चंद और सोलन के अर्की निवासी ईशांत (23) पुत्र राम लाल और घायलों की पहचान अर्की निवासी राकेश (23) पुत्र धर्म पाल, सुन्नी निवासी भरत (19) पुत्र खेम और ननखड़ी निवासी पंकज (19) पुत्र कुलदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कार में पांच युवक सवार थे। वह शादी समारोह से कैटरिंग का काम करके लौट रहे थे। इस दौरान कोटी नाला के पास कार (HP54C8839) अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं।
घायल युवकों को रोहड़ू सिविल अस्पताल से आईजीएमसी रैफर किया गया है। बता दें इनमें से कुछ युवक आईटीआई का डिप्लोमा कर रहे थे और पार्ट टाइम कैटरिंग का काम करते थे। डीएसपी रविन्द्र नेगी ने हादसे की पुष्टि है।