लकड़ी से बना 8 कमरों का मकान जलकर हुआ राख, बाल-बाल बचे परिवार के सदस्य
HNN / किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में आग लगने की घटना सामने आई है। यहाँ रिकांगपियो में 8 कमरों का एक बड़ा मकान जलकर राख हो गया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है, लेकिन मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गया है।
जानकारी के अनुसार यह घर नाथपा निवासी राम भगत का था। अचानक उनके घर में आग लग गई। घर में आग लगती देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई और वह समय रहते घर से बाहर निकल आए। घर से आग की लपटें ऊंची-ऊंची उठती देख गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
लेकिन लकडी का मकान होने के चलते आग पर काबू नहीं पाया जा सका, जिसके चलते पूरा घर राख के ढेर में तब्दील हो गया। उधर, तहसीलदार चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि प्रशासन की ओर से आग से हुए नुक्सान का आकलन करने के लिए राजस्व विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। प्रभावित परिवार को राहत राशि दी जा रही है।