लुहणू सर्कल में क्रेच वर्कर और क्रेच हेल्पर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
लुहणू सर्कल सदर-1 के आंगनवाड़ी कम क्रेच केंद्र में क्रेच वर्कर और क्रेच हेल्पर के रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। पात्र महिला अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेजों सहित आवेदन कर सकती हैं।
बिलासपुर
लुहणू सर्कल सदर-1 में क्रेच वर्कर व क्रेच हेल्पर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर बिलासपुर सत्या ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आंगनवाड़ी कम क्रेच केंद्र लुहणू सर्कल (सदर-1) में मानदेय आधार पर क्रेच वर्कर तथा क्रेच हेल्पर के रिक्त पद को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सर्कल सदर-1 के आंगनवाड़ी कम क्रेच केंद्र लुहणू में क्रेच वर्कर का एक तथा क्रेच हेल्पर का एक पद भरा जाएगा। क्रेच वर्कर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास तथा क्रेच हेल्पर के लिए दसवीं पास निर्धारित की गई है। दोनों पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा संबंधित आंगनवाड़ी कम क्रेच केंद्र के फीडर क्षेत्र की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया कुल 25 अंकों के आधार पर की जाएगी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, सामाजिक श्रेणी से संबंधित मानदंड तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर, बिलासपुर के कार्यालय में निर्धारित दस्तावेजों सहित जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से फीडर एरिया प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र (दसवीं, बारहवीं व अन्य), आय प्रमाण पत्र, नवीनतम परिवार नकल, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आगामी 4 अप्रैल सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है, जबकि साक्षात्कार 9 अप्रैल को एसडीएम सदर कार्यालय, बिलासपुर में आयोजित किया जाएगा।