Loading...

लेनदेन को लेकर ठेकेदार के साथ की मारपीट, मामला दर्ज

By PARUL Published: 4 Jan 2024, 2:18 PM | Updated: 4 Jan 2024, 2:18 PM 1 min read

HNN/मंडी

जिला मंडी के सुंदरनगर में रुपयों के लेनदेन को लेकर ठेकेदार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान धर्मपाल पुत्र अछरू राम निवासी गांव सलवाना के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मपाल ने एक सप्ताह पहले रूप सिंह पुत्र पंजका राम के साथ सलवाना में मिलकर ठेकेदारी की थी। मंगलवार शाम वह लेनदेन को लेकर रूप सिंह की दुकान पर गया। इस दौरान वह उसे उसके हिसाब से कम रुपये दे रहा था। इसके कारण उसने रूप सिंह व उसके बेटे के साथ बहस की। इस दौरान जब वह घर की तरफ जाने लगा तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की।

इतना ही नहीं थोड़ी देर बाद रूप सिंह का पिता मौके पर डंडा लेकर आ गया और उसे मारने की कोशिश की। जिसके बाद पीड़ित धर्मपाल ने पुलिस थाना सुंदरनगर में रूप सिंह व उसके बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। डीएसपी भारत भूषण ने खबर की पुष्टि की है।