Loading...

लोकसभा और विस उपचुनाव के लिए पहले दिन कोई नामांकन नहीं

By Ankita Published: 7 May 2024, 9:58 PM | Updated: 7 May 2024, 9:58 PM 1 min read

14 मई तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया, 11-12 मई को दाखिल नहीं होंगे नामांकन

HNN/ कांगड़ा

जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी हेमराज बैरवा ने बताया कि मंगलवार को नामांकन के पहले दिन कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र तथा धर्मशाला विस उपचुनाव के लिए कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन 14 मई तक दाखिल किए जा सकेंगे। 11 और 12 मई को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नामांकन दाखिल नहीं होंगे। परन्तु 10 मई को सार्वजनिक अवकाश होने पर भी नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी जबकि 17 मई तक नामांकन वापिस लेने की तिथि निर्धारित की गई है इसके साथ ही 01 जून को मतदान होगा जबकि चार जून को मतगणना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नामांकन के लिए उम्मीदवार को केवल तीन गाड़ियों को ही निर्वाचन अधिकारी के प्रवेश द्वार तक आने की अनुमति रहेगी। वहीं नामांकन दाखिल करते समय उम्मीदवार सहित कुल पांच लोग ही निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में उपस्थित हो सकते हैं।

उन्होंने बताया कि नामांकन की प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी की नजर रहेगी। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को फूल प्रूफ बनाया जाएगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव के इच्छुक उम्मीदवारोें से भी आग्रह किया कि वह नामांकन के दौरान चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देेशों की अनुपालना सुनिश्चित करें।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष तथा पारदर्शी तरीके से निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा अधिकारियों तथा कर्मचारियों की डयूटी भी लगाई गई है।