वन विभाग की टीम ने जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा व्यक्ति, मामला दर्ज
HNN/ चंबा
जिला चंबा के भटियात क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने एक व्यक्ति को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी गांव जाजड़ी तारागढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ चुवाड़ी पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस काे दी गई शिकायत में आरओ चुवाड़ी वरयाम सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम जब क्षेत्र के जंगल बरला, सांझी नाला व बाग बंदेरा जंगल में गश्त पर थे तो इस दौरान राकेश कुमार निवासी गांव जाजड़ी तारागढ़ जंगल में आग लगा रहा था। टीम द्वारा मौके पर जाकर आग को बुझाकर व्यक्ति को काबू किया।
आग के कारण जंगल में 8 बोझे घास और चारे को नुक्सान हुआ है। उन्होंने बताया कि जंगल में आग लगाने वालों के विरुद्ध वन अधिनियम के अंतर्गत अपराध दर्ज करने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई गई है। वन परिक्षेत्र अधिकारी चुवाड़ी वरयाम गुलेरिया ने मामले की पुष्टि की है।
