वन विभाग ने जंगल में खैर काटते हुए दबोचे 2 लोग, 5 फरार, मामला दर्ज
HNN/ ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला ऊना में रामगढ़ धार के अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र खुरवाई में वन विभाग की टीम ने एक पिकअप ट्राला व दो व्यक्तियों को खैर की लकड़ी काटते हुए पकड़ा है। जानकारी के अनुसार वन विभाग को सूचना मिली थी कि रामगढ़ धार बीट के जंगल में कुछ लोग खैर की लकड़ियों का अवैध कटान कर रहे हैं।
इसके बाद वन विभाग तलमेहडा के वीओ विकास कौशल, वनरक्षक बृजेश राणा, तरसेम सिंह, कमलजीत सिंह ने जंगल में दबिश दी। दबिश के दौरान जंगल में आरे चलने की आवाज सुनाई दी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्राचीन ध्यूंसर सदा शिव मंदिर के मुख्य गेट के समीप रामगढ़ धार के जंगल में घेराबंदी की व दो व्यक्तियों को मौके पर पकड़ लिया। जबकि पांच व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहे।
खैर की लकड़ी और आरे को मौके से ही बरामद किया गया। कटान स्थल का मुआइना करने पर टीम ने 35 मौछे खैर व एक पिकअप ट्राला एचपी 55 ए 9522 पाया गया। इन दो वन काटुओं की पहचान रजाक पुत्र गोगी गांव घरवासडा तहसील बंगाणा जिला ऊना, अजय कुमार पुत्र विजय कुमार गांव सलोह परसारी जिला ऊना के रूप में हुई है।
वन विभाग की टीम ने लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और उनके विरुद्ध पुलिस चौकी जोल में शिकायत दर्ज करवाई है। रेंज ऑफिसर खुरवाई अशवनी कुमार ने बताया कि जंगल में दो व्यक्ति 35 खैर के मौछो एवं पिकअप ट्राला सहित लकड़ी काटते पकड़े गए हैं और पांच लोग मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस चौकी जोल में मामला दर्ज करवाकर व लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।