वन संपदा की अवैध तस्करी के आरोप में पुलिस ने पकड़ा लकड़ी से लदा ट्रक, एफआईआर
HNN/ऊना
जिला ऊना में पुलिस ने वन संपदा की अवैध तस्करी करने के आरोप में उपमंडल गगरेट में एक ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ट्रक चालक की पहचान अजय कुमार, निवासी अपर भंजाल और ट्रक के मालिक की पहचान सतपाल सिंह, निवासी अपर भंजाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम गगरेट में गश्त पर तैनात थी। जिस दौरान आरआर उद्योग के पास से एक ट्रक आता दिखाई दिया। जिसे शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में सफेदा की लकड़ी पाई गई। जिसे पंजाब के होशियारपुर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने जब ट्रक चालक से लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि डीएसपी डॉ. वसुधा सूद द्वारा की गई है।