विधानसभा अध्यक्ष को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
HNN/ चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विशेष अधिमान दे रही है। विधानसभा अध्यक्ष भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

उन्होंने कहा कि पंचायतों को कई प्रकार की शक्तियां प्रदान की गई हैं। इनमें पंचायतों के पास जहाँ कानून व्यवस्था बनाने की अहम जिम्मेवारी रहती है। वहीं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन भी किया जाता है और लोगों तक सरकार की नीतियों तथा कार्यक्रमों का लाभ पहुंचता है। उन्होंने यह निर्देश भी जारी किए कि आवास योजनाओं से छूटे पात्र लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना और स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत लाभान्वित किया जाए।
विधानसभा अध्यक्ष ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत किए जा रहे कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सिंहुँता क्षेत्र में कूड़ा-कचरा निष्पादन संयंत्र स्थापित करने को कहा। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों की मांग पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत बिना इंटरनेट कनेक्टिविटी वाली ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन हाजरी से संबंधित मामले के समाधान की बात भी कही।
इस बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आवास प्लस, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनके द्वारा रखे गए उत्पादों की सराहना की।
इस बैठक में कार्यवाही का संचालन खंड विकास अधिकारी सुभाष अत्री ने किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और खंड विकास अधिकारी ने विधानसभा अध्यक्ष को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया ।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group